बहजोई। जिले में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से 150 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे। इसके लिए 112 आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालयों के परिसर में और 28 ग्राम समाज की जमीन पर बनेंगे।
शासन से वित्तीय वर्ष 2018-19 में जिले में 150 आंगनबाड़ी केंद्र बनाने के लिए करीब 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। इसके तहत 8 लाख 6 हजार रुपये प्रति आंगनबाड़ी केंद्र के हिसाब से विकासखंड बहजोई में 25, पवांसा में 34, बनियाखेड़ा में 7, गुन्नौर में 10, जुनावई में 14, रजपुरा में 16, असमोली में 27 व संभल में 17 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे। इसके लिए प्राथमिक विद्यालय परिसर और ग्राम समाज की जमीन को चिह्नित किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 8 लाख 6 हजार रुपये की लागत से बनने वाले प्रति आंगनबाड़ी केंद्र के लिए मनरेगा से 5 लाख रुपये, बाल विकास परियोजना से 2 लाख रुपये और पंचायतराज विभाग से 1 लाख 6 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। डीपीओ ने बताया कि जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।