गुन्नौर (संभल)। कोतवाली क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर में बृहस्पतिवार देर रात हादसा हो गया। गांव निवासी रोहन सिंह के मकान की लगभग 60 साल पुरानी दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबकर 10 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने सात घायलों की हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया।
यह हादसा रात करीब 9:30 बजे उस समय हुआ, जब दीवार के सहारे कुछ लोग खड़े थे। अचानक गिरी दीवार की चपेट में आने से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। घायलों में शिशुपाल सिंह (41), सुरेंद्र (45), ओमवती (55), पवन (33), नेमपाल (57), जगवीर (38), संतोष (32) को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वहीं, धर्मेंद्र (33), आकाश (22) और सुधीर (10) को गुन्नौर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दीवार काफी पुरानी हो चुकी थी और कमजोर अवस्था में थी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।