जिला पंचायत कार्यालय में बैठक लेती अध्यक्ष तसमीम बानो
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिला पंचायत की बहुप्रतीक्षित बोर्ड बैठक कोरम के अभाव में स्थगित कर दी गई। इसमें राज्य वित्त योजना से प्राप्त करीब 11 करोड़ 45 लाख रुपये सहित लगभग 40,23,87,396 रुपये की कार्ययोजना पर विचार होना था। बोर्ड की अगली तारीख घोषित नहीं की गई है। इस दौरान बोर्ड बैठक में हंगामे के आसार को देखते हुए पुलिस की तैनाती भी की गई थी।
जिला पंचायत बोर्ड की बैठक सोमवार के लिए तय की गई थी। बैठक शुरू करने के लिए पूर्वाह्न 11 बजे का समय रखा गया था, लेकिन दोपहर 12.30 बजे तक भी विकास कार्यों का एजेंडा पास कराने के लिए आवश्यक जिला पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा नहीं होने से बैठक को स्थगित कर दिया गया। एजेंडा पास कराने के लिए 48 जिला पंचायत सदस्यों में से 25 का उपस्थित होना जरूरी था, लेकिन बैठक में करीब 18 जिला पंचायत सदस्य ही पहुंच पाए। खास बात यह रही कि इस बार जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि को बैठक में नहीं जाने दिया गया। जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डॉक्टर सुमनलता ने बताया कि बोर्ड की बैठक के एजेंडे में नौ प्रस्तावों पर विचार होना था। इसमें राज्य वित्त आयोग से प्राप्त 11 करोड़ 45 लाख रुपये सहित 40,23,87,396 रुपये की कार्य योजना पर विचार होना था। मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि कोरम के अभाव में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। बोर्ड बैठक के लिए नई तारीख घोषित की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष तसमीम बानो, सांसद फजलुर्रहमान, विधायक नरेश सैनी एवं मसूद अख्तर, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एसपी सिटी विनीत भटनागर सहित अन्य मौजूद रहे।
कड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था
सोमवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में हंगामा होने की आशंका के चलते पंचायत परिसर में पुलिस की कड़ी निगरानी रही। सुबह से ही पुलिस बल जिला पंचायत परिसर और सभागार में तैनात रहा। एसपी सिटी विनीत भटनागर आदि मौजूद रहे।
जिला पंचायत कार्यालय में बैठक दौरान तैनात पुलिस- फोटो : SAHARANPUR