सहारनपुर में लकड़ी कारोबारी की हत्या।
- फोटो : amar ujala
सहारनपुर जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र में चिलकाना रोड पर एक युवक ने पत्नी के प्रेमी लकड़ी कारोबारी की चाकू से गला रेतकर और सीने पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर थाने पहुंच गया और पुलिस से बोला कि वह हत्या करके आया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद लकड़ी कारोबारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
महानगर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र की एकता कॉलोनी निवासी अब्दुल कय्यूम (31) लकड़ी कारोबारी था। एकता कॉलोनी स्थित उसके दूसरे मकान में गांव पिंजौरा निवासी मोबीन अपनी पत्नी अफसाना के साथ किराए पर रहता है। पुलिस के मुताबिक, मोबीन की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसलिए मोबीन की पत्नी अब्दुल कय्यूम से मदद मांगती थी। इसी दौरान अफसाना और अब्दुल कय्यूम के साथ अनैतिक संबंध हो गए, जिसका पता मोबीन को लग गया।
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने कय्यूम को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। सोमवार की रात 12 बजे अब्दुल कय्यूम चिलकाना रोड से अपने लकड़ी के कारखाने पर जा रहा था। मोबीन ने चिलकाना रोड पर गांव हलालपुर के पास उसे सड़क पर रोक लिया। पहले दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद मोबीन ने गर्दन रेतकर और सीने पर चाकू से वार कर अब्दुल कय्यूम की हत्या कर दी। अब्दुल का कत्ल करने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से चाकू साथ लेकर थाना कुतुबशेर पहुंच गया, जहां उसने खुद ही अब्दुल कय्यूम की हत्या करना स्वीकार किया और पुलिस को चाकू भी सौंप दिया।
यह भी पढ़ें: कैंटर सीज हुआ तो पति का दर्द देख न सकीं पत्नियां: हिना-अफसाना ने उजाड़ ली दुनिया, बच्चों से छिना मां का प्यार