देवबंद (सहारनपुर)। बिजनौर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा देने जा रहे युवक की रविवार को देवबंद में सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा रविवार की सुबह करीब 5.30 बजे हाईवे पर जीतगिरी मंदिर के समीप हुआ। मृतक युवक की जेब से मिले कागजों से उसकी पहचान सहारनपुर के पूजा पुरम कॉलोनी गलीरा रोड निवासी राजीव (32) पुत्र मुनेश के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि राजीव रविवार की सुबह घर से बाइक द्वारा जनपद बिजनौर में परीक्षा देने जा रहा था। देवबंद में स्टेट हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक का शव भी पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया।
कोतवाल सूबे सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा। उधर युवक की मौत की सूचना सहारनपुर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।