गागलहेड़ी(सहारनपुर)। थाना क्षेत्र के गांव फिराहेड़ी निवासी शांतनु (25) की देहरादून के विकासनगर थाना क्षेत्र में हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया। पिता ने आरोप लगाया कि उधार के रुपये मांगने पर चार दोस्तों ने ही उसके बेटे की हत्या की है। शांतनु के पिता ने उधार दिए रुपयों का तकादा करने पर चार दोस्तों पर ही हत्या करने का आरोप लगाते हुए देहरादून के विकासनगर कोतवाली में तहरीर दी है।
फिराहेड़ी निवासी सुखदेव (बॉबी) ने बताया कि उनका बेटा शांतनु 16 जुलाई को अपने चार दोस्तों के साथ घर से घूमने गया था। वह सहारनपुर में एक प्राइवेट नौकरी करता था। आरोप है कि उसके दोस्त उसे घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में ले गए और वहां उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। इसके बाद वहां की पुलिस को बुलाकर यह बता दिया कि शांतनु की नदी में डूबने के कारण मौत हुई है। पुलिस के माध्यम से ही उन्हें पूरे मामले का पता चला।
सुखदेव ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले जमीन बेची थी। रकम से मकान का निर्माण कराया था, जबकि कुछ रकम शांतनु ने अपने चारों दोस्तों को उधार दी थी। बेटा कई बार कहता था कि यह रुपये वापस नहीं कर रहे। शांतनु लगातार उनसे अपने रुपये मांग रहा था। इसी वजह से चारों युवकों ने साजिश के तहत शांतनु को विकासनगर क्षेत्र स्थित आसन/यमुना नदी के किनारे ले जाकर नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
बेटे को कहा था इनसे दूरी बना लें
पिता सुखदेव ने बताया कि उन्हें पहले से इन युवकों पर संदेह था। कई बार अपने बेटे को उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी थी, लेकिन वह उनके संपर्क में बना रहा, जिसका खामियाजा उसे अपनी जान देकर गंवाना पड़ा।
देर शाम गांव में पहुंचा शव
शांतनु अविवाहित था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम परिजन गांव में शव लेकर पहुंचे, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
यह घटनाक्रम विकासनगर क्षेत्र का है। वहीं की पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है। स्थानीय स्तर पर तहरीर नहीं दी गई।
- विकास प्रताप चौहान, सीओ
फिराहेड़ी में मृतक शांतनु के घर बैठे शोकाकुल परिजन। संवाद