संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बड़गांव पुलिस और एसओजी ने जिस तमंचा फैक्टरी को पकड़ा है, उस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि, जिस युवक को फरार बताया गया है, परिजनों का दावा है कि वह 13 अप्रैल से दुबई में है, जबकि पुलिस ने 13 मई को कार्रवाई की है। युवक के पिता को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक की मां ने बुधवार को एसएसपी से मिलकर कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पति और पुत्र को निर्दोष बताया है। एसएसपी ने मामले की जांच बैठा दी है।
थाना बड़गांव पुलिस और एसओजी ने देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव सांपला बक्काल निवासी 60 वर्षीय मुस्तकीम पुत्र शौकत को 13 मई को गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने हथियारों का जखीरा भी बरामद होने का दावा किया था। पुलिस कहना था कि मुस्तकीम अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी चलाता है। पुलिस ने मुस्तकीम के पुत्र नईम को मौके से फरार होने बताया था। दर्ज किए मामले में मुस्तकीम और उसके पुत्र नईम का नाम है।
बुधवार को मामले में नया मोड़ आ गया। मुस्तकीम की पत्नी हाजरा एसएसपी आकाश तोमर से मिली। हाजरा ने बताया कि उसके तीनों पुत्र नईम, नदीम और अंजीम दुबई में रहकर नौकरी करते हैं। उनका दावा किया नईम भी 13 अप्रैल से दुबई में है। इसके बावजूद उसे तमंचा फैक्टरी के मामले में आरोपी दर्शाते हुए फरार दिखाया गया है। हाजरा ने नईम के दुबई में होने के सभी साक्ष्य एसएसपी को दिए हैं। इसके साथ ही कहा कि उसका पति बुजुर्ग है और उन्हें भी झूठा फंसाया गया है। एसएसपी ने सीओ देवबंद को मामले की जांच दी है।
-------------
कहां से आए हथियार
पुलिस ने कार्रवाई में पांच मस्कट, 11 अधबने तमंचे, आठ तमंचे, 14 नाल बरामद किए थे। ऐसे में अगर हाजरा का दावा सही तो सवाल खड़ा होता है कि यह हथियार कहां से आए हैं।
---------------
वर्जन-
टिकट करा रहे सत्यापन
मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। नईम के एयरलाइंस टिकट का भी सत्यापन कराया जा रहा है कि वह दुबई गया है या नहीं।
--आकाश तोमर, एसएसपी