गंगोह। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शुक्रवार देर रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवती उस समय घर में अकेली थी। परिजनों ने निवर्तमान प्रधान पति समेत दो लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धलापड़ा पुलिस चौकी के बाहर शव रखकर धरना दिया। आरोप लगाया कि एक आरोपी ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मारपीट और धमकी दी। इस पर परिजनों ने दोनों आरोपियों पर हत्या करने और दुष्कर्म की आशंका जताई है।
मृतका की मां के मुताबिक शुक्रवार रात अपने बेटे के साथ मायके एक समारोह में शामिल होने के लिए गई थीं, जबकि दूसरा बेटा मजदूरी करने के लिए गया था। युवती घर पर अकेली थी। रात में उन्हें फोन पर सूचना मिली कि युवती घर में बेहोशी की हालत में पड़ी है। वह परिजनों के साथ गांव पहुंची और बेटी को सीएचसी लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। मां का आरोप है कि गांव के निवर्तमान प्रधान पति मोनू और गांव निवासी कृष्ण उसकी बेटी को काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपी कृष्ण जबरन युवती से शादी करना चाहता था। इसके लिए प्रधान पति भी दबाव डाल रहा था। दोनों की प्रताड़ना से परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने रात में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया।
शनिवार दोपहर युवती का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव को धलापड़ा चौकी के सामने लेकर बैठ गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मोनू और उसके साथ आए लोगों ने युवती के मामा से मारपीट की। मुकदमे में नाम हटाने के लिए दबाव बनाया गया। इसके बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने युवती की हत्या की है। उन्होंने दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। परिजन आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते रहे। इस दौरान मृतका के छोटे भाई की हालत भी बिगड़ गई। देर रात तक परिजन धरने पर बैठे रहे। परिजन एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे।
मोबाइल नंबर को फोन पर आरोपी ने कर रखा था डायवर्ट
परिजनों के मुताबिक, युवती के मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि उसके नंबर पर मोनू के मोबाइल से 50 से अधिक कॉल की गई। आरोप है कि कृष्ण ने युवती का मोबाइल नंबर अपने फोन पर डायवर्ट कर रखा था। परिजनों का कहना है कि जब वह युवती के नंबर पर फोन करते थे तो कॉल कृष्ण के नंबर पर पहुंचती थी और वही फोन उठाता था।
प्राथमिकी जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। फिलहाल आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शशिप्रकाश शर्मा, सीओ