गांव पटनी में कथा व्यास आचार्य उमेश कृष्ण का सम्मान करते समिति के सदस्य।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। कथा व्यास आचार्य उमेश कृष्ण बृजवासी ने कहा कि जब हम भगवान की ओर एक कदम बढ़ाते हैं, तो भगवान हमारी ओर सात कदम बढ़ाते हैं। प्रभु का वचन है कि जो तू ध्यावे एक पग, मैं ध्याऊ पग सात।
गांव पटनी के गुफा मंदिर हो रही श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन सभी हरि भक्तों ने कृष्ण सुदामा के मिलन की सुंदर झांकी के दर्शन किए। जैसे सुदामा जी ने भगवान को चावल भेंट किए, वैसे ही सभी भक्तों ने भी कृष्ण जी को चावल भेंट किए।
कथा व्यास आचार्य उमेश कृष्ण ने भगवान श्री कृष्ण के 16108 विवाहों की कथा का श्रवण कराया। उन्होंने कहा कि चौथ का चंद्रमा देखने से झूठी चोरी का कलंक लग जाता है। श्रीकृष्ण पर भी मणि चोरी करने का आरोप लगाया गया था। मित्र सुदामा को रंक से राजा बना देना, सभी यदुवंशियों के विनाश, भगवान का भागवत में प्रविष्ट होकर अपने धाम को जाने की कथा का श्रवण कराया गया। कथा विश्राम के दिन एकता जन सेवा समिति सुल्तानपुर की ओर से कथा व्यास आचार्य उमेश कृष्ण तथा कथा में भजन प्रस्तुत करने वाले पं. आशीष शर्मा, पं. नाथीराम शर्मा, अनिल कुमार, रजनीश का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस दौरान समाजसेवी जयनाथ शर्मा, बालकृष्ण शर्मा, डॉ. दीपक सैनी, शक्ति चौधरी, अमित उपाध्याय, मनोज सैनी, सुशील मोगा, तेजपाल सैनी, सागर पाल, प्रवीन शर्मा आदि रहे।