सहारनपुर। यदि आप भी विकास प्राधिकरण की नई टाउनशिप में प्लॉट खरीदना चाहते हैं तो उसके लिए छह श्रेणी रखी गई है। 90 स्क्वायर मीटर से लेकर 288 स्क्वायर मीटर तक के प्लाट खरीद सकते हैं। पहले फेज में 513 प्लाट बेचे जाएंगे। खास बात यह है कि सभी आवासीय प्लाट होंगे। दूसरे फेज में व्यावसायिक को जगह दी जाएगी। पहले दो दिनों में टाउनशिप में प्लॉट खरीदने के लिए 10 लोगों ने आवेदन किया है।
दरअसल, विकास प्राधिकरण मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना नवीन सहारनपुर फेज-1 के नाम से पहली टाउनशिप चुन्हैटी के पास विकसित कर रहा है। नई टाउनशिप 52.9751 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जानी है। इसमें दो चरणों में 1,460 प्लॉटों की बिक्री की जाएगी। पहले चरण में करीब 37 हेक्टेयर भूमि पर टाउनशिप विकसित होगी। टाउनशिप में अलग-अलग क्षेत्रफल के भूखंड रहेंगे। टाउनशिप में प्लाट खरीदने के इच्छुक आमजन के लिए राहत की बात यह है कि पहले चरण में सभी 513 प्लाट आवासीय होंगे।
प्राधिकरण की ओर से इसके लिए 32 हजार स्क्वायर प्रति मीटर की दर से रेट तय किए गए हैं। पहले फेज में छोटे प्लाट यानी 90 स्क्वायर मीटर से लेकर 112,135,162, 200, 288 स्क्वायर मीटर के प्लाट खरीद सकते हैं। प्लाॅट खरीदने के लिए जनहित डॉट यूपीडीए डॉट इन पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। 21 अप्रैल से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी तक 10 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। इसके लिए आखिरी तारीख 20 मई रखी गई है।