गणेशपुर में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
सहारनपुर/बिहारीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों को परखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम हेलीकाॅप्टर से सुंदरपुर पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड, उनके रोड शो के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही जनसभा स्थल पर भी व्यवस्थाओं को परखा। मां डाट काली मंदिर पहुंच पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब पौना घंटा देरी से शाम 4:20 बजे सुंदरपुर हेलीपैड पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने यहां से करीब 500 मीटर दूर स्थित प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया।
इसके बाद वह प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट से होते हुए एलिवेटेड काॅरिडोर पहुंचे। यहां बनाई जा रही स्टेज और स्वागत में खड़े होने वाले लोगों के स्थान और प्रधानमंत्री के काफिले वाली लेन की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
यहां से मुख्यमंत्री कार से डाट काली मंदिर के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने प्रदर्शनी वाले स्थल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री 4:50 बजे डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई।
शाम 4:59 बजे मंदिर से रवाना होकर मुख्यमंत्री 5:17 बजे जनसभा स्थल पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद 5:28 बजे उनका हेलीकॉप्टर सुंदरपुर से सरसावा के लिए रवाना हो गया। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे को डॉ. आंबेडकर के नाम समर्पित कर सकते हैं।