सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को महत्वाकांक्षी परियोजना दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे को लेकर तमाम तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डेढ़ मिनट की वीडियो एक्सप्रेसवे की खूबियां गिनाते हुए शेयर की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक पर करीब साढ़े पांच करोड़ फॉलोवर्स हैं। उनके वीडियो शेयर करते ही करीब घंटेभर में 17 हजार से अधिक लाइक्स आ गए। वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन दिया दिल्ली से देहरादून की यात्रा अब पूरी तरह से बदल जाने वाली है। एक नजर डालें…। इस डेढ़ मिनट की वीडियो में उन्होंने संदेश दिया कि इस एक्सप्रेसवे के जरिए शहरों को आपस में जोड़ते हुए, वन्यजीवों की सुरक्षा का भी खास ख्याल रखा गया है। वीडियो में बताया गया कि यह एक्सप्रेस करीब 213 किलोमीटर लंबा है। इस प्रोजेक्ट के निर्माण में करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है।
एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली से देहरादून का सफर जो पहले छह घंटे में पूरा होता था। वह अब मात्र ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। एक्सप्रेसवे में 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है। जो एशिया में सबसे लंबा है। जानवरों के लिए आठ अंडरपास बनाए गए हैं। यहां से बिना किसी रोक-टोक के जंगली जानवर इधर-उधर जा सकते हैं। इसी तरह प्रसिद्ध मां डाट काली मंदिर के नजदीक 370 मीटर लंबी सुरंग बनाई है, जो सुगम यातायात अनुभव कराती है। एक्सप्रेसवे पर दस इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवर पुल, चार बड़े पुल बनाए गए हैं। इसके साथ ही 12 स्थानों पर यात्रियों के लिए सुविधाएं विकसित की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं।