सहारनपुर। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा 28 दिसंबर को रोजगार मेले का आयोजन ऑनलाइन किया जाएगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन शिव ललित सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में अभ्यर्थियों द्वारा सेवायोजन पोर्टल से कंपनी के लिए साक्षात्कार के लिए स्वयं आवेदन किया जा सकता है, जिसमें विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
इच्छुक पुरुष अभ्यर्थी जो 10वीं, 12वीं, पास 18 से 35 वर्ष की आयु के हों, वह सेवायोजन पोर्टल पर 27 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय सहारनपुर से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लिए 31 तक आवेदन
सहारनपुर। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत वर्ष 2021-22 के लिए विभिन्न मात्स्यिकी परियोजनाओं का लाभ लेने के लिए 31 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। सहायक निदेशक मत्स्य एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि परियोजनाओं में निजी भूमि पर तालाब निर्माण व निवेश, फिश सीड रियरिंग यूनिट, फिश फीड मिल, मत्स्य बीज निजी हैचरी आदि के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
छात्रवृत्ति के लिए 10 जनवरी तक हो सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
सहारनपुर। दशमोत्तर शिक्षण संस्थाओं (कक्षा 11 व 12 एवं अन्य दशमोत्तर कक्षा) के अवशेष नवीन एवं नवीनीकरण के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं सामान्य वर्ग के छात्र- छात्राएं 10 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी छात्र-छात्राओं द्वारा संलग्नकों सहित शिक्षण संस्था में जमा करने होंगे। आवेदन पत्र की हार्डकॉपी एवं संलग्न अभिलेखों से शिक्षण संस्थान द्वारा मिलान करने एवं सत्यापित कर अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2021 होगी।