सहारनपुर। रेलवे की ओर से कई ट्रेनों के विस्तार और यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए जीआरपी ने सुरक्षा के लिए सक्रियता बढ़ाई है। जीआरपी थाने के पास ही पूर्व में स्थापित की गई महिला हेल्प डेस्क को अब अधिक एक्टिव करने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रेेनों में सफर या स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी होने पर महिला यात्री अब थाने से बाहर ही महिला हेल्प डेस्क पर शिकायतें दर्ज करा सकेंगी।
जीआरपी थाना प्रभारी राशिद अली ने बताया कि ट्रेनों में छेड़छाड़, झपटमारी या अभद्रता जैसी कोई समस्या होने पर महिला यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए महिला हेल्प को अधिक सक्रिय करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे की ओर से यदि और गाड़ियों को बढ़ाया जाता है तो यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बढ़ जाएगी। एक दिन पहले ही रेलवे की सलाहकार समिति के सदस्य सौराज सिंह पंवार ने स्टेशन का भ्रमण करते हुए रेलवे अफसरों से महिला हेल्प डेस्क को अधिक सक्रिय करने का सुझाव दिया था।