उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नानौता क्षेत्र के गांव ठसका में जहर देकर युवक की हत्या कर दी गई। परिजनों ने हत्या का आरोप उसकी पत्नी और कथित प्रेमी पर लगाया है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
ठसका गांव निवासी मोनू (28) पुत्र घीसू दूध की डेयरी पर काम करता था। मोनू के भाई सतबीर ने थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि मोनू की पत्नी सोनिया व गांव के राजकुमार उर्फ भूरा पुत्र शमशेर के बीच अनैतिक संबंध था। एक दिन पूर्व आरोपी प्रेमी ने उसके भाई मोनू को धमकी दी थी कि उसने सोनिया से कोर्ट में शादी कर ली है। वह रास्ते का कांटा बना तो हटा देंगे।
पीड़ित ने बताया कि उसका भाई बुधवार दोपहर एक बजे किसी काम से घर लौट आया था। इसी दौरान सोनिया ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मोनू के खाने में जहर मिला दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन मोनू को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां देर रात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव लेकर रात में परिजन घर लौट आए। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नानौता थानाध्यक्ष शोबीर नागर ने बताया कि मोनू की जहर खाने के चलते मौत हो गई है। भाई की तहरीर पर पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मासूम बेटों का रो रोकर बुरा हाल
पति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी नामजद है। इससे दंपती के दो मासूम बेटों के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। एक पुत्र की उम्र करीब 4 वर्ष तथा दूसरे की डेढ़ साल है। ऐसे में दोनो मासूमों को पता ही नहीं कि उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। मां हत्या में नामजद हो गई है।