हादसों को दावत दे रही नीचे लटकी जर्जर विद्युत लाइन
तीतरो। आसफगढ़ पापड़ी में बाग के बीचो-बीच गुजर रही हाईटेंशन लाइन हादसे को न्योता दे रही है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जर्जर लाइन को बाग से दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्रामीणों में मेहताब खान, उमरदराज खान, अलीशेर खान, शेरदीन,बाबू,शीशपाल,बबलू, मेहरदीन, गुलफाम, शहजाद आदि का कहना है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते करीब 10 साल पूर्व विभागीय कर्मचारियों ने लाइन का सर्वे किए बिना किसान सरफराज खान के बाग से हाईटेंशन लाइन को निकाल दिया था। ग्रामीण इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। बिजली तार जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई मर्तबा विभागीय अधिकारियों को हाईटेंशन लाइन को दूसरी जगह पर स्थानांतरित किये जाने की बाबत प्रार्थना-पत्र भी दिए गए हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, उपखंड अधिकारी नवनीत यादव ने कहा कि वह गांव में विभाग की टीम भेजकर जांच कराएंगे।