अंबेहटा (सहारनपुर)। चापरचिडी गांव में दौड़ को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद किए गए हमले में मारे गए आकाश का शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसी दौरान महिलाओं ने आरोपियों को अपने बीच बुलाने की मांग को लेकर अंबेहटा खेड़ा अफगान मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाया। बाद में पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा और सीओ के आश्वासन पर महिलाएं शांत हुईं। वहीं, इस प्रकरण में एक आरोपी आकाश पुत्र सतीश निवासी अंबेहटा को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बृहस्पतिवार को अंबेहटा मार्ग पर युवकों के दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष के युवकों ने चापरचिड़ी गांव निवासी आकाश पुत्र इसम सिंह और रोशन पर चाकू से हमला कर दिया था। इसमें आकाश की मौत हो गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही आकाश का शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण आकाश के घर पर जमा हो गए। ग्रामीणों में आकाश की हत्या को लेकर रोष था। पुलिस टीमों की कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान बसपा के उत्तराखंड अध्यक्ष नरेश गौतम, पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, बसपा के जिलाध्यक्ष योगेश कुमार, नरेंद्र ओलरी, डॉ. निर्देष सैनी, प्रेमचंद सैनी, मोहर सिंह, आजाद पार्टी के नकुड़ विधानसभा अध्यक्ष सचिन खुराना सहित बड़ी तादात में लोग मौजूद रहे।
जिस समय अंतिम संस्कार चल रहा था। उसी दौरान गांव की महिलाओं ने आरोपियों को अपने बीच बुलाने और कड़ी सजा देने की मांग करते हुए अंबेहटा खेड़ा अफगान मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इसे देखते हुए नकुड़ के अलावा रामपुर मनिहारान और गंगोह थाना से भी पुलिस बल बुलाया गया। पूर्व विधायक महिपाल सिंह माजरा ने समझाया कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। काफी देर तक समझाने के बाद महिलाएं शांत हुईं। पुलिस क्षेत्राधिकारी नकुड अरंविद सिंह पुडंीर ने भी कहा कि किसी कीमत पर आरोपी नहीं बचेंगे।
जल्द पकड़े जाएंगे सभी आरोपी : एसपी देहात
- एसपी देहात अशोक कुमार मीणा ने बताया कि एक आरोपी आकाश पुत्र सतीश निवासी अंबेहटा पकड़ लिया गया है। रविश सहित अन्य आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। आकाश के चाचा बनेश की तहरीर पर आकाश पुत्र सतीश निवासी कस्बा अंबेहटा, रविश निवासी गांव चापरचिड़ी के अलावा चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
आकाश की हत्या पर रोष जताया
- आकाश की हत्या पर आजाद समाज पार्टी ने रोष जताते हुए सरकार को अनुसूचित वर्ग की विरोधी बताया। शुक्रवार को आकाश के अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव पहुंचे पार्टी के नकुड़ विधानसभा अध्यक्ष सचिन खुराना ने कहा कि भाजपा सरकार में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को बचाने के प्रयास किए गए तो गंभीर परिणाम होंगे।
गांव में तैनात पुलिस बल- फोटो : SAHARANPUR
अंबेहटा के चापरचीडी में मृतक के घर जमा ग्रामीणों की भीड़- फोटो : SAHARANPUR
घटना पर रोष जताते आजाद समाज पार्टी के विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष सचिन खुराना- फोटो : SAHARANPUR