नागल(सहारनपुर)। थाना नागल के गांव सरसीना में बहन के घर उधार के रुपये मांगने गई महिला के साथ कहासुनी होने पर मारपीट की गई। महिला बेहोश हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने बहन और बहनोई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। केस दर्ज होने पर ही अंतिम संस्कार किया।
गांव भरतपुर निवासी रवीश ने बताया कि उसने गांव सरसीना निवासी अपने साढ़ू सुरेंद्र को रुपये उधार दिए थे, जिन्हें वापस करने में वह आनाकानी कर रहा था। मंगलवार सुबह आठ बजे उसकी पत्नी नीलम (40) अपनी बहन मूर्ति और बहनोई सुरेंद्र के घर रुपये मांगने गई थी, जिसे लेकर नीलम की मूर्ति और सुरेंद्र के साथ कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसका पता चलते ही रवीश भी उनके घर पहुंच गया। वहां पर जाने के बाद देखा कि नीलम बेहोश है। सुरेंद्र ने बताया कि नीलम अचानक बेहाेश हुई थी। इसके बाद रविश अपनी पत्नी नीलम को लेकर सहारनपुर के निजी अस्पताल में पहुंचा। जहां कुछ घंटे बाद ही उपचार के दौरान नीलम ने दम तोड़ दिया। रवीश का आरोप है कि चिकित्सकों ने जानकारी दी कि उसकी पत्नी को जहर दिया गया।
थाने पहुंचकर किया हंगामा, तब हुआ केस दर्ज
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इस पर परिजन और गुस्साए ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। वह शव को घर पर रखकर इकट्ठा होकर थाने पहुंच गए। आरोप लगाया कि मूर्ति और सुरेंद्र ने योजनाबद्ध तरीके से जहर देकर नीलम की हत्या की है। मामला बढ़ता देख सीओ अशोक सिसौदिया मौके पर पहुंचे और आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब गांव में जाकर अंतिम संस्कार किया गया। नीलम के दो बेटे हैं, जो पढ़ाई करते हैं। रवीश मजदूरी करता है।
वर्जन
मृतका के पति की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
- अशोक सिसौदिया, सीओ