नागल में सड़क हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ और पहुंची पुलिस। संवाद
सहारनपुर, नागल। नागल टपरी मार्ग पर 22 टायरा ट्रक की टक्कर से आगे चल रहा टेंपो पलट गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और छह साल की बेटी सहित सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भर्ती कराया, जहां से चार की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया।
गांव बढेडी कोली निवासी सोनू पुत्र मोहर सिंह सुबह करीब साढ़े दस बजे सहारनपुर से सवारी लेकर अपने टेंपो से नागल के लिए चला था। करीब 11 बजे जब वह गांव सुभरी तथा भाटखेड़ी के बीच पहुंचा तो पीछे से आ रहे 22 टायरा ट्रक ने उसे टक्कर मार दी जिससे टेंपो पलट गया। हादसे में मंजू (35) पत्नी रिंकू निवासी जोला डिडौली थाना नागल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति रिंकू और छह वर्षीय बेटी बिल्लो घायल हो गए।
इनके अलावा भागमल पुत्र मुखराम निवासी शेखपुरा, नाथीराम पुत्र ज्योतिराम निवासी रुपड़ी, सुलोचना पत्नी मदन निवासी चंदेना कोली, अनुज पुत्र मांगेराम निवासी लाखनौर एवं टेंपो चालक सोनू घायल हो गए। घायलों को पुलिस द्वारा सीएचसी लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने रिंकू, सुलोचना, अनुज एवं भागमल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है।