बड़गांव (सहारनपुर)। गांव शब्बीरपुर में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन मृतक को अंतिम संस्कार के श्मशान ले जा रहे थे। तभी हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव यात्र रुकवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार शाम गांव शब्बीरपुर निवासी रामेश्वर उर्फ टीटू (42) पुत्र सोमपाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद परिजन मृतक के अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को हत्या होने की खबर कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव यात्रा को रुकवा कर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मृतक की सामान्य मौत बताकर पुलिस का विरोध करने लगे और बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ गए।
बाद में पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि टीटू की पत्नी कई साल पहले उसे छोड़ कर चली गई थी। वह मजदूरी करता था। उसके नाम कोई संपत्ति भी नहीं है। उसके कोई संतान भी नहीं थी।
थाना प्रभारी संजीव शर्मा का कहना है कि टीटू की हत्या करने की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।