लासी लाइन में घर की छत पर करंट की तार से महिला की मौत के बाद घर के बाहर जमा भीड़
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। थाना सदर क्षेत्र की खलासी लाइन में मकान की छत साफ करते समय एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। इससे परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
खलासी लाइन में दुर्गापुुरी के नजदीक दिनेश कुमार का परिवार कराए के मकान में रहता है। उनके पास ऊपर का मकान है। बृहस्पतिवार दोपहर दिनेश कुमार की पत्नी बीना देवी उर्फ मीनू छत की सफाई करने के लिए गई थी। वह छत पर जमा पानी निकाल रही थी। इसी समय वह वहां रखे एक सरिये को उठाकर रखने लगी। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से छू गया। इसके चलते महिला को भी करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे। बाद मे सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तीन सप्ताह पहले चिलकाना रोड पर भी करंट से एक युवक की मौत हो गई थी। एक निर्माणाधीन मकान में काम करते समय लोहे का पाइप विद्युत लाइन से छू गया था। इसके बाद युवक करंट की चपेट में आ गया था और उसकी जान चली गई थी।
खलासी लाइन में घर की छत पर करंट की तार से महिला की मौत के बाद विलाप करते बच्चे- फोटो : SAHARANPUR