बड़गांव (सहारनपुर)। गांव मिर्जापुर में कैंसर पीड़िता 46 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव में अभी भी कई लोग कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं।
गांव में सोमवार को 46 वर्षीय रीतू पत्नी त्रिलोक की कैंसर से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि महिला पिछले कई साल से पेट के कैंसर से पीड़ित थी। हाल में वह जौली ग्रांट में भर्ती होकर उपचार ले रही थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कैंसर से हुई मौत से गांव में एक बार फिर दहशत है। गांव में पांच साल पूर्व भी 60 दिनों के अंतराल में ही कैंसर से 12 लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त गांव में कैंसर से मौतों का मामला सुर्खियों में रहा था। वर्तमान में गांव निवासी एक होमगार्ड गले के कैंसर और महिला प्रवेश पेट के कैंसर से पीड़ित है। इनका उपचार देहरादून के जौली ग्रांट में चल रहा है। ग्रामीण संदीप राणा, राजू व राजकुमार चौहान ने बताया कि पिछले पांच सालों में गांव में कैंसर से करीब 25 लोगों की मौत हो चुकी हैं। पूर्व में स्वास्थ्य विभाग ने पानी के नमूने लेकर गांव की साफ सफाई कराई थी, लेकिन कैंसर का प्रकोप रुकने का नाम नहीं ले रहा है। उधर चिकित्सा प्रभारी अनुज कुमार चौहान ने बताया कि कैंसर के कई कारण हो सकते हैं। गांव में टीम भेज कर जांच कराई जाएगी।