नानौता। नगर के दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित संजय चौक पर तड़के करीब साढ़े पांच बजे एक महिला ने सड़क पर बैरिकेड और कैरट लगाकर वाहनों का आवागमन रोकने का प्रयास किया। महिला के बार-बार सड़क पर आने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने किसी तरह महिला को वहां से हटाकर चिकित्सीय जांच के लिए भेजा।
बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे नगर के दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित अतिव्यस्त संजय चौक पर उस समय लोग हैरान हो गए, जब एक महिला सड़क पर बैरिकेड व कैरट लगाकर वाहनों का संचालन बाधित करने लगी। सूचना पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और महिला को समझाकर सड़क से हटाया। पुलिस ने बैरिकेड और कैरट हटाकर यातायात सुचारु कराया, लेकिन महिला दोबारा सड़क पर पहुंचकर रास्ता बाधित करने लगी। काफी देर तक यह सिलसिला चलता रहा, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। इसी कारण वह बार-बार सड़क पर बैरिकेड और पत्थर लगाकर वाहनों को रोकने का प्रयास कर रही थी।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों का पता चलने पर उन्हें सूचना देकर महिला को उनके सुपुर्द किया जाएगा।