सहारनपुर। एकता विहार कॉलोनी में मकान के विवाद को लेकर घर में घुसकर महिला से मारपीट करते हुए आरोपियों ने हंगामा कर दिया। पीड़िता ने थाना कुतुबशेर में दस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला एकता विहार कॉलोनी निवासी रीना देवी ने बताया कि वह जिस मकान में रहती है, उसका एक अन्य महिला ने फर्जी तरीके से बैनामा एक व्यक्ति के नाम कर दिया था। आरोप है कि मंगलवार को एक व्यक्ति उनके मकान पर आया और खुद को डाकिया बताते हुए दरवाजा खुलवा लिया। इसके बाद से चार से पांच लोग हथियार लेकर उसके घर में घुस गए और चाकू से उसका गला काटने की कोशिश और धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए और हंगामा किया। इसके साथ ही घर में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस के आने से पूर्व आरोपी फरार हो गए। वह जब घटना की रिपोर्ट लिखवाने थाने जा रही थी तो आठ से दस लोग छोटा हाथी में सामान भरकर उसके मकान पर कब्जा करने की नीयत से दोबारा उसके घर आ गए। आरोपियों ने सामान मकान में रखने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस दोबारा पहुंची और कुछ आरोपियों को पकड़ा। सीओ प्रथम चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी सद्दाम, कुर्बान, एजाज, फारूख, शाहनवाज, हैदर हली निवासी गांव जुड्डी कोतवाली नकुड़, नरेश निवासी प्रकाश लोक कॉलोनी, घनश्याम निवासी चंद्र विहार कॉलोनी, संगीता निवासी नंदपुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।