गंगोह रोड पर म्हाड़ी के पास हेलमेट न पहने होने के कारण एक युवक अपनी जिंदगी खो बैठा था तो सहारनपुर मल्हीपुर मार्ग पर एक बाइक पर सवार तीन युवक सड़क हादसे के शिकार हुए और इनमें भी एक शख्स की जिंदगी चली गई। जिले में एक दिन पहले ही हुए इन हादसों के बावजूद जिंदगी बचाने के लिए कोई सबक ले रहे हैं।
बुधवार को शहर के कोर्ट रोड, अंबाला रोड, देहरादून रोड, लिंक रोड सहित अन्य सड़कों पर दुपहिया सवारों की सुरक्षा के प्रति संजीदगी देखने की कोशिश की गई। इन सड़कों पर किशोर तक बिना हेलमेट और नियमों की परवाह किए वाहन चलाते मिले।
इनके अलावा दंपति तक अपने बच्चों के साथ ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट वाहन पर सफर करते मिले। ट्रैफिक बूथों से लेकर थाना क्षेत्रों में तैनाती के समय यातायात नियमों और सुरक्षा के लिए सावधानियों को जागरूक करने वाले पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए। इन्हीं गलतियों की वजह से सड़कों पर होने वाले हादसों में दम तोड़ती जिंदगियों से अब सबक लेने की जरूरत है।