सहारनपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, गोकशी और सट्टेबाजी को पूरी तरह रोकने के लिए पुलिस नागरिकों की मदद लेगी। इसके लिए मोहल्लों और गांवों में पुलिस मित्र बनाए जाएंगे, जो गोपनीय रूप से काम करेंगे और गलत गतिविधि की जानकारी पुलिस को देंगे। इनके नाम भी पुलिस की ओर से गोपनीय रखे जाएंगे।
अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से हुई लोगों की मौत के बाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। डेढ़ वर्ष पूर्व सहारनपुर में जहरीली शराब की वजह से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में डीएम और एसएसपी के अलावा जिले भर में शराब ठेकों चेकिंग अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इसी तरह मादक पदार्थों की तस्करी के मामले भी आए दिन सामने आए हैं। पुलिस पांच माह में 100 से अधिक तस्करों को जेल भेज चुकी है, लेकिन इनका नेटवर्क पुलिस पूरी तरह नहीं तोड़ पा रही है। गोकशी के और मैच के सट्टे के माले भी सामने आए हैं।
इस तरह के अपराधियों के नेटवर्क तोड़ने के लिए पुलिस अब हर मोहल्ले और गांव में पुलिस मित्र बनाएगी। मोहल्लों और गांवों की गतिविधियों की इनसे जानकारी ली जाएगी। इसको लेकर जनपद के 21 थानों के प्रभारी और सीओ पुलिस मित्र टिप्स भी देंगे, साथ ही इनकी सुरक्षा के मद्देनजर इनके नाम भी गोपनीय रखे जाएंगे। पुलिस का मकसद शराब, मादक पदार्थ और गोकशी जैसे अपराध को पूरी तरह रोकना है। इसको लेकर एसएसपी की ओर से सीओ व थाना प्रभारियों को निर्देश भी दिए गए हैं।
------------------------
मई माह से छह अप्रैल तक पुलिस की कार्रवाई
-- अवैध शराब के माले में 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
-- हत्या की तीन वारदातों का खुलासा कर पांच आरोपी दबोचे।
-- लूट की दो वारदातों में पांच बदमाशों को पकड़ा और माल बरामद किया।
-- 12 चोर गिरफ्तार कर आठ वारदातों का खुलासा किया।
-- गोकशी के मामले में नौ आरोपियों को जेल भेजा।
-- 15 हजार एक इनामी बदमाश पकड़ा गया।
-- 12 आरोपियों को मादक पदार्थ की तस्करी में पकड़ा।
-- 32 आरोपियों को अवैध हथियार के साथ दबोचा
----
वर्जन:-
अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। समाज अच्छा बनाने के लिए नागरिकों का भी कर्तव्य है कि गलत गतिविधि की जानकारी वह पुलिस को दें। पुलिस की ओर से उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस मित्र के सहयोग अपराधियों का नेटवर्क तोड़ा जाएगा।------डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी