सहारनपुर। नवरात्र और गरबा उत्सव को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। महानगर में आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए युवतियों और महिलाओं द्वारा हल्के और आकर्षक लहंगों की खरीदारी हो रही है। युवतियों की पहली पसंद एथनिक रंग के डिजाइन वाले लहंगे हैं।
11 अक्तूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। गुजरात में प्रसिद्ध गरबा नृत्य का क्रेज अब जिले में भी है। कई सामाजिक संगठन गरबा नृत्य के कार्यक्रम कराते हैं। इसके साथ ही त्योहारी सीजन भी शुरू हो रहा है। ऐसे में सबसे अधिक कारोबार की उम्मीद कपड़ा व्यापारियों को है। त्योहारी सीजन को देखते हुए भी व्यापारियों ने नए डिजाइनदार लहंगे और साड़ियां मंगाई हैं। महानगर के नेहरू मार्केट, रायवाला, दिल्ली रोड स्थित शोरूम और दुकानों पर लहंगे, दुपट्टे और गरबा के लिए इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक परिधानों की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध हैं। इनमें हल्के वजन वाले लहंगों के साथ मिरर वर्क, कढ़ाई, गोटा-पट्टी और रंग-बिरंगे डिजाइनों की मांग अधिक है। इसके अलावा बाजार में लाल, गुलाबी, पीला, हरा और नीले रंग के परिधान विशेष रूप से पसंद किए जा रहे हैं। युवतियां पारंपरिक परिधान के साथ मैचिंग ज्वेलरी और दुपट्टे भी खरीद रही हैं।
बोले व्यापारी
व्यापारी दानिश अंसारी ने बताया कि इस बार गरबा कार्यक्रमों को लेकर पहले से ही ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। युवतियां भारी लहंगों के बजाय हल्के और आरामदायक डिजाइन पसंद कर रही हैं। कई ग्राहक दुकानों पर उपलब्ध डिजाइन देखने के बाद अपनी पसंद के रंग और डिजाइन में ऑर्डर भी कर रहे हैं।
व्यापारी भरत शर्मा ने बताया कि त्योहार को लेकर बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर गरबा में शामिल होने वाली युवतियां राजस्थानी डिजाइन वाले हल्के वजन वाले लहंगे पसंद कर रही हैं। व्यापारियों को इस बार त्योहारी सीजन में अच्छी बिक्री की उम्मीद है।