सहारनपुर जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए 15 फरवरी को डाले गए वोटों की गणना 11 मार्च को होनी है। मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शफकत कमाल ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने मतगणना रूपरेखा को विस्तार से अधिकारियों के समक्ष रखा।
मतदान के बाद तमाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) जनता रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के स्ट्रांग रूम में बंद हैं, जो 11 मार्च को मतगणना के दौरान ही बाहर आएंगी। मतगणना की तैयारियों में जुटे प्रशासन ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
साथ ही अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शफकत कमाल ने अधिकारियों को बताया कि मतगणना स्थल पर प्रत्येक विधान सभा वार 14 टेबिल लगाई जाएंगी।
एक राउंड में एक विधान सभा के 14 बूथों की मतगणना एक साथ होगी। कहा कि मतगणना केे निष्पक्ष रूप से कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता रहेगी। मतगणना के दौरान मतगणना स्थल से पहले जनता रोड पर बैरीकेटिंग रहेगी।
कोई भी व्यक्ति बिना पास के मतगणना केंद्र के आसपास नहीं जा सकेगा। परिणाम के बाद शांति भंग न हो। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में फोर्स और पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में एडीएम प्रशासन एसके दुबे, एडीएम वित्त एवं राजस्व हरीशचंद्र, नगरायुक्त ओपी वर्मा, एसपी ट्रैफिक ओमवीर सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल पर प्रतिबंध ः 11 मार्च को होने वाली मतों की गणना के दौरान कोई भी कर्मचारी या पोलिंग एजेंट मोबाइल मतगणना स्थल पर नहीं ले जा सकेगा। इसके अलावा पान, बीड़ी, सिगरेट, माजिस आदि ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। डीएम ने इसका कड़ाई से पालन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।