सहारनपुर। मतगणना को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में चुनाव लड़ रहे जिले के प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि विजयी प्रत्याशियों के जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 10 मार्च को होने वाली मतगणना में एक विधानसभा सीट के लिए 14 टेबल लगायी जाएंगी। दो टेबल इसके अतिरिक्त लगेंगी। एक विधानसभा सीट की मतगणना दो हॉल में होगी। उन्होंने कहा कि सुबह सात बजे उम्मीदवारों व निर्वाचन अभिकर्ताओं के समक्ष स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। सुबह आठ बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना होगी। साढे़ आठ बजे ईवीएम की मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि आपराधिक प्रवत्ति के किसी भी व्यक्ति को निर्वाचन अभिकर्ता न बनाया जाए। मतगणना हॉल में मोबाइल फोन, आईपैड, लैपटॉप, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, माचिस एवं शस्त्र आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना केंद्र पर केवल पास धारकों और आयोग द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मतगणना के परिणाम के घोषणा के पश्चात विजयी उम्मीदवार द्वारा जुलूस आदि निकालने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि गणना अभिकर्ता 18 वर्ष से अधिक आयु के होंगे। इस दौरान सीडीओ विजय कुमार, एडीएम प्रशासन डॉक्टर अर्चना द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी सहित सभी रिटर्निंग आफिसर एवं सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
एक चक्र में होगी 14 बूथों की मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र के एक चक्र में 14 बूथों की मतगणना एक साथ होगी। उन्होंने कहा कि बेहट विधानसभा क्षेत्र मेें 32 चक्र होंगे, नकुड़ में 31, सहारनपुर नगर में 35, सहारनपुर में 29, देवबंद में 29, रामपुर मनिहारान में 27, गंगोह विधानसभा सीट के 33 चक्र होंगे। ईटीपीबीएस एवं पोस्टल बैलेट की गणना के लिए प्रति विधानसभा सीट तीन टेबल लगायी जाएंगी। मतों की गणना के लिए एक टेबल पर एक गणना सुपरवाइजर, एक गणना सहायक, एक माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति की गयी है।