गांव में स्थापित श्री दिगंबर जैन मंदिर
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। ग्राम पंचायत टिकरौल में इस बार सरला देवी प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। सरला देवी कहती हैं कि अपने कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं व युवतियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाते हुए आत्मनिर्भर बनाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। गांव में बिना किसी भेदभाव के पात्र व्यक्ति को पेंशन, राशन कार्ड तथा केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए आपसी सामंजस्य बनाने का काम करेंगी। उन्होंने बताया कि वह गांव में विकास कार्य के लिए सीधे तौर पर ग्रामीणों के बीच रहकर कार्य करने पर विश्वास रखती है। गांव में गरीब लड़कियों की शादी में सरकारी सहायता तथा श्रमिकों के हित की सभी योजनाओं का लाभ पात्र को दिलाया जाएगा। गांव में चारागाह की भूमि को कब्जा मुक्त करना तथा तालाबों की साफ सफाई कर सुंदरीकरण करना, गांव में युवाओं के लिए खेल व भर्ती की तैयारी हेतु खेल का मैदान बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रधान का प्रोफाइल
ग्राम प्रधान सरला देवी साक्षर हैं।
उनके पति अरविंद उर्फ पप्पू साधारण किसान हैं।
कच्चे रास्तों पर बरसात में भर जाता है पानी
नानौता विकास खंड के आठ हजार की आबादी वाले ग्राम टिकरौल की बड़ी समस्या डोभी वाले तालाब के उत्तर में स्थित कई कच्चे रास्ते हैं। इन पर खड़ंजा तक नहीं बिछा हुआ है। यहां बारिश के मौसम में पानी भर जाता है। पैदल चलना तो दूर की बात वाहनों से भी निकलना दुश्वार हो जाता है। रजबहे की पटरी खस्ताहाल है। इससे आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है। ग्राम समाज की पशुचर की जमीन पर कब्जा है। गांव में जैन मंदिर और राजकीय कन्या इंटर कालेज है।
प्रधान सरला देवी- फोटो : SAHARANPUR
गांव में स्थित चौ चरण सिंह की प्रतिमा- फोटो : SAHARANPUR