नागल (सहारनपुर)। ग्राम पंचायत नागल में इस बार सुधा चौधरी प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। उनकी प्राथमिकताओं में ग्राम पंचायत के सभी पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। साथ ही गांव में गंदे पानी की निकासी सुचारु कराने, श्मशान घाट की स्थापना के लिए जमीन की व्यवस्था कर पक्का निर्माण कार्य, नई विकसित कालोनियों में सीसी रोड, नाला निर्माण कार्य, विद्युतीकरण, पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्ट्रीट लाइटें, प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराना है। उनका कहना है कि वे अपनी ग्राम पंचायत को आदर्श बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगी। इसके लिए पक्ष विपक्ष सभी को साथ लेकर चला जाएगा।
शमशान घाट न होना और जल भराव है बड़ी समस्या
गागलहेड़ी मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे के किनारे बसी करीब सात हजार की आबादी वाली नागल विकास खंड की इस ग्राम पंचायत का स्वरूप किसी कसबे जैसा है। यहां थाना, सीएचसी, ब्लाक मुख्यालय के सभी कार्यालय, आधा दर्जन बैंकों की शाखाएं, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय, डिग्री कालेज आदि स्थित है। बावजूद इसके यहां समस्याओं का भी अंबार है। जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त है। बारिश के बाद बाजार की दुकानों में पानी भर जाता है। गांव में आज तक श्मशान घाट नहीं है। ग्रामीण अंत्येष्टि के लिए दो किमी दूर दूसरे गांव में जाते हैं।
प्रधान का प्रोफाइल
ग्राम प्रधान सुधा इंटरमीडिएट पास हैं।
उनके पति चौधरी राजकरण सिंह खेती के साथ ही रेडीमेड गारमेंट की दुकान भी करते हैं।