शहरों के विकास से जुड़ी केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना के लिए सहारनपुर को फिर नए सिरे से कसरत करनी होगी। केंद्र सरकार ने योजना का शेड्यूल बनाकर भेजा है, जिसमें योजना के तहत किए जाने वाले कार्यों को विस्तार से बताया गया है। सहारनपुर ने शेड्यूल के मुताबिक तैयारी शुरू भी कर दी है।
योजना के तहत प्रथम चरण में शामिल रहे 98 शहरों में सहारनपुर भी शामिल था। उम्मीद थी कि सहारनपुर भी विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए विकसित शहरों की तरह चमकेगा। योजना के तहत कंसलटेंट एजेंसी और नगर निगम के संबंधित अफसरों ने चयन के लिए प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया था, मगर सहारनपुर के प्रस्ताव को नकार दिया गया। इसके बाद फिर यही प्रक्रिया एक नहीं, बल्कि तीन बार अपनाई गई, मगर हर बार सहारनपुर का चयन नहीं हो सका था। तैयार किया गया प्रस्ताव चयनकर्ताओं के मानकों पर खरा नहीं उतर सका।
अब सहारनपुर को फिर से मौका मिला रहा है। केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी की शेड्यूल बनाकर भेजा है। इसके तहत 15 से 25 जनवरी तक काम होगा। पहले तीन दिन शहर के अलग-अलग वर्ग जैसे उद्यमी, व्यापारी, मजदूर, मीडिया आदि से कार्यक्रम आयोजित कर सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद ऑनलाइन या लिखित सुझाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसमें पूर्व की तरह नगरवासियों को सुुझाव देने होंगे।
पांच तक तय होगी कंसलटेंट एजेंसी
सहारनपुर। योजना के तहत पहले चरण में सहारनपुर को जो कंसलटेंट एजेंसी मिली थी, दूसरे चरण में भी कोई नई एजेंसी न आने की वजह से उसी एजेंसी से काम कराना पड़ा था, मगर एजेंसी ऐसा काम नहीं कर सकी, जिससे सहारनपुर का चयन हो सके। ऐसे में केंद्र सरकार ने नए चरण में असफल रहे सभी शहरों को सफल शहरों के साथ काम करने वाली कंसलटेंट एजेंसी देने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि कंसलटेंट एजेंसी पांच जनवरी तक तय हो जाएगी। एजेंसी के अधिकारी शहर को फिर से फेस-1 और फेस-2 में बांटकर विकास का खाका तैयार करेंगे, जिसके आधार पर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। यह प्रस्ताव पहले राज्य सरकार और बाद में केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत केंद्र सरकार से शेड्यूल आया है, जिसके तहत 15 से 25 जनवरी तक लोगों से सुझाव लेने के साथ ही अन्य कदम भी उठाए जाने हैं। साथ ही पांच जनवरी तक कंसलटेंट एजेंसी भी तय हो जाएगी।
- पीके मित्तल, नोडल अधिकारी, स्मार्ट सिटी योजना।