सहारनपुर के नकुड़ में जिस गोदाम में चोरी की गाड़ी कट रही थी वहां पर रखे सेना के खाली बॉक्स
नकुड़। कस्बे में जिस गोदाम में चोरी की गाड़ी काटते हुए तीन लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है, वहां पर बड़ी संख्या में सेना के खाली बॉक्स भी मिले। इनकी गुत्थी पुलिस भी नहीं सुलझा पा रही है।
बताया जा रहा है कि सेना में इन बॉक्स का इस्तेमाल गोला-बारूद रखने के लिए किया जाता है। फिलहाल पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। बॉक्स पर लिखे नंबरों के आधार पर उनकी जानकारी भी जुटाई जा रही है कि वह किस बटालियन के हैं।
दरअसल, सोमवार तड़के करीब चार बजे हरियाणा के जगाधरी थानाक्षेत्र की सावनपुरी काॅलोनी से एक गाड़ी चोरी हो गई थी। गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था, जिसकी मदद से हरियाणा पुलिस व नकुड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त गोदाम पर छापा मारकर मौके से गाड़ी काट रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उस्मान पुत्र इरशाद निवासी मोहल्ला बंजारान, थाना नकुड़, जुबैर व उवैश पुत्र वसीम अहमद निवासी कमेला काॅलोनी सहारनपुर के रूप में हुई थी। जब गोदाम की गहनता से जांच की गई तो वहां पर 50 से अधिक हरे रंग के बॉक्स मिले, जो लकड़ी ( हार्ड बोर्ड) के बने हुए हैं और कुछ नंबर भी लिखे हुए हैं। सेना के बॉक्स मिलने के बाद पुलिस भी मामले में बेहद गंभीरता बरत रही है।