‘कहां ड्यूटी है तुम्हारी, क्या-क्या काम देखते हो’
सहारनपुर। ‘कहां ड्यूटी है तुम्हारी, क्या-क्या काम देखते हो...।’ कुछ ऐसे ही सवालों के साथ एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनीं बेटियों ने अपने तेवर दिखाए, तो उपनिरीक्षकों से लेकर अन्य पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को मंडी कोतवाली में छात्रा अंशिका त्यागी और थाना जनकपुरी में भूमिका को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया।
मंडी कोतवाली में अंशिका ने थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर महिलाओं सहित अन्य फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तय होने के बावजूद शादी न करने, परिवार में परेशान करने सहित कई समस्याएं लेकर फरियादी पहुंचे। अंशिका ने दोनों पक्षों से बात करने के बाद ही कार्रवाई का आश्वासन दिया। महिला डेस्क और कार्यालय के अन्य अनुभागों का भी निरीक्षण किया। महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन और अन्य कानूनों के बारे में जानकारी ली और सख्ती से पालन का निर्देश दिया। एएसपी अर्पित विजयवर्गीय ने थाने की गतिविधियों के बारे में बताया। बाद में थाना प्रभारी की गाड़ी में अंशिका सड़कों पर निकलीं। यहां एक टीम से चालान काटने के तरीके के बारे में पूछा और हिदायत दी कि कार्रवाई के नाम पर परेशान न किया जाए। लोगों के साथ शालीनता से पेश आएं। रिश्वत न लेने और पूरी निष्ठा से ड्यूटी करने की चेतावनी दी।
बाइक पर दौड़े जा रहे हो, मास्क क्यों नहीं लगाया
जनकपुरी थाने में एक दिन की प्रभारी बनीं भूमिका अरोड़ा के तेवर भी कम नहीं रहे। यहां थाने का प्रभार देख रहे अभिषेक सिरोही और अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ वे गश्त पर निकलीं। रास्ते में कुछ दुपहिया वाहन चालकों की चेकिंग की। एक युवक को मास्क न लगाने पर कहा- बाइक पर दौड़े जा रहे हो, मास्क क्यों नहीं लगाया। दुपहिया चालक ने जेब से मास्क निकालकर लगाया। कुछ जगहों से भी अतिक्रमण हटवाया।
रीतिका ने पुलिसकर्मियों को दिए दिशा-निर्देश
देवबंद। श्रीराम कृष्ण इंटर कॉलेज की दसवीं की छात्रा रीतिका को इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने एक दिन के लिए थाना प्रभारी का कार्यभार सौंपा। रीतिका ने कोतवाली में कई रजिस्टरों का निरीक्षण किया। पीड़ित महिलाओं की फरियाद सुनी और कार्रवाई के लिए तहरीर पर हस्ताक्षर किए। कोतवाली परिसर व नगर का भ्रमण कर पुलिसकर्मियों को सुरक्षा-व्यवस्था बनाने संबंधी दिशा निर्देश दिए। शुक्रवार को कोतवाली में इस्लामिया इंटर कालेज, नवाज गर्ल्स इंटर कालेज समेत कई स्कूल-कालेजों की छात्राओं को आमंत्रित किया गया था। इंस्पेक्टर ने छात्राओं को उनके मूल व मौलिक अधिकार, पुलिस से मिलने वाली सहायता तथा विपरीत परिस्थितियों में किस तरह पुलिस की मदद ली जाए, इसकी जानकारी दी।
एक दिन की जनकपुरी थाना प्रभारी बनी छात्रा भूमिका ने मास्क न लगाने पर दुपिहया चालक को चेतावनी दी।- फोटो : SAHARANPUR
मंडी कोतवाली प्रभारी बनी अंशिका त्यागी को समस्या सुनाती महिला फरियादी।- फोटो : SAHARANPUR
एक दिन के लिए मंडी कोतवाली प्रभारी बनी अंशिका त्यागी महिला पुलिसकर्मी से ड्यूटी के बारे में जानक?- फोटो : SAHARANPUR