- नगर निगम ने दिल्ली रोड पर तालाब पर बनाया प्रोजेक्ट
- म्यूजिकल शो, बोटिंग, ओपन एयर थियेटर की मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड पर गंदगी से अटे जिस तालाब को देख लोग मुंह फेर लेते हैं, उसके दिन बहुरने वाले हैं। नगर निगम ने इस तालाब को लेकर एक प्रोजेक्ट तैयार किया है, जो दिल्ली रोड की रौनक बढ़ाएगा और शहर के लोगों के लिए अलग ही अनुभव होगा।
नगर निगम ने इस प्रोजेक्ट को वाटर बॉडी पार्क का नाम दिया है। दिल्ली रोड पर कमिश्नर कार्यालय और बलियाखेड़ी ब्लाक कार्यालय से सटा हुआ तालाब काफी समय से यहां गंदगी डालने के कारण परेशानियां पैदा कर रहा था। वहीं, नगर निगम क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत विभिन्न कार्य होने हैं, जिनमें शहर के प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण के अलावा दिल्ली रोड के इस तालाब को भी खूबसूरत रूप देने की तैयारी है।
यह होगी खासियत
वाटर बॉडी पार्क की सबसे खासियत यह है कि यहां पर बोटिंग करने का भी लुत्फ लोग उठा सकेंगे। अभी शहर में ऐसा कोई स्थान नहीं है, जहां पहुंचकर लोग बोटिंग का आनंद ले सकें। इसके अलावा यहां पर ओपन एयर थिएटर भी बनेगा, जिसमें सामाजिक संस्थाओं और अन्य लोग अपने सूक्ष्म सांस्कृतिक कार्यक्रम कर सकेंगे। इतना ही नहीं, तालाब के बीचोबीच म्यूजिक फाउंटेन भी बनेगा, जो इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाएगा। वहीं, यहां घूमने आने वाले बच्चों और महिलाओं के लिए चारों तरफ क्योस्क भी बनाए जाएंगे, जहां से चाट, पकौड़ी, कोल्ड ड्रिंक्स आदि खाने पीने की चीजें भी मिलेंगी। साथ ही बाहर की तरफ पार्किंग की व्यवस्था रखी गई है।
---- वर्जन
दिल्ली रोड स्थित तालाब को सुंदर स्वरूप देने के लिहाज से ही वाटर बॉडी पार्क प्रोजेक्ट तैयार कराया गया है। नक्शा तैयार हो चुका है, जल्दी ही इस कार्य की शुरुआत करा दी जाएगी। - ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त, नगर निगम
--
वाटर बॉडी पार्क से दिल्ली रोड की सुंदरता बढ़ेगी। वैसे भी स्मार्ट सिटी योजना में कोर्ट रोड को स्मार्ट रोड बनाया जाना प्रस्तावित है। वाटर बॉडी पार्क तैयार होने पर दिल्ली रोड से शहर में प्रवेश करते समय यह आकर्षित होगा। -- संजय वालिया, महापौर, नगर निगम