फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को तैयार हुए योद्धा

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए चिकित्सा विभाग योद्धा तैयार कर रहा है। फिलहाल जनपद में 60 चिकित्साकर्मियों को तैयार किया जा चुका है। इसके लिए जिला महिला अस्पताल में छह दिन की ट्रेनिंग में बच्चों के इलाज का पूरा खाका तैयार कर चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया गया है।
विज्ञापन

जिला महिला अस्पताल में 28 जून से ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू हुआ। चिकित्साकर्मियों (जिनमें चिकित्सक और नर्सें) के 20-20 लोगों के बैच बनाकर दो-दो दिन की ट्रेनिंग दी गई। तीन बैच की ट्रेनिंग छह दिन में संपन्न हो चुकी है। ट्रेनिंग में चिकित्सकों और नर्सों को बच्चों में होने वाले कोरोना के लक्षणों की जानकारी दी गई। अलग-अलग स्ट्रेन में क्या-क्या लक्षण हो सकते हैं, यह भी समझाया गया। लक्षणों के हिसाब से ही इलाज देने की बात कही गई है। सामान्य लक्षण वाले बच्चों को होम आइसोलेट कर इलाज देने तथा गंभीर लक्षण वाले बच्चों को आईसीयू में भर्ती कर इलाज देने को कहा गया है। इसके अलावा बच्चों को वेंटीलेटर कैसे लगाना है, किस स्तर पर ऑक्सीजन देनी है, पल्स ऑक्सीमीटर का कैसे इस्तेमाल करना है, पीपीई किट कब पहननी है और आईसीयू में कैसे इलाज किया जाएगा, यह बताया गया। इसके अलावा दवाएं कौन-कौन सी चलेंगी और कितने दिन चलेंगी, यह भी समझाया गया है।
अभी तक यह हुई है तैयारी
कोरोना की तीसरी लहर से बच्चों को बचाने के लिए जनपद में 198 बेड के पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) और सामान्य वार्ड तैयार किए जा चुके हैं। शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में 100 बेड की यूनिट तैयार की गई है। इनमें 25 बेड का आईसीयू और 25 बेड का एचडीयू (हाई डिपेंडेंस यूनिट) बनाई गई है, जबकि 50 बेड का जनरल वार्ड बनाया गया है। जिला महिला अस्पताल में 50 बेड का पीआईसीयू बनाया गया है। अस्पताल की दूसरी और तीसरी मंजिल पर 25-25 बेड के दो पीआईसीयू बनाए गए हैं। इनके अलावा चार ब्लाकों में 12-12 बेड के पीआईसीयू बनाए जा रहे हैं।
विज्ञापन

ऑक्सीजन की नहीं रहेगी कमी
शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में चार साल से बंद ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट ठीक कराकर चालू कर दिया गया है। उक्त प्लांट की क्षमता प्रत्येक मिनट में 600 लीटर ऑक्सीजन जनरेट करने की है। एसबीडी जिला अस्पताल में भी दो ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाने की तैयारी चल रही है। उधर, देहात क्षेत्र में 13 सीएचसी पर भी ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाए जा रहे हैं। 31 जुलाई 2021 तक ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को विभाग पूरी तरह तैयार है। पीआईसीयू तैयार हो चुके हैं। ऑक्सीजन के लिए पाइपलाइन डाली जा चुकी हैं। प्लांट जल्द तैयार हो जाएंगे। चिकित्सकों और स्टाफ की ट्रेनिंग भी हो चुकी है।
विज्ञापन

- डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें