सहारनपुर। छठ महापर्व के बाद ट्रेनों में आरक्षण की वेटिंग लिस्ट कम हो गई है। हरिद्वार, श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा, लखनऊ, दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 40 से 50 तक आ गई है, जबकि दीपावली पर इन ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंची थी।
दीपावली के बाद छठ पर्व की कुछ ही ट्रेनों में भीड़ है। नियमित के साथ स्पेशल ट्रेनों के संचालन ने भीड़ का दबाव घटाया है। कुछ नियमित ट्रेनों को छोड़ दे तो कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट आधी हो गई। फर्स्ट, सेकेंड व थर्ड एसी में वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा 50 भी नहीं है। 31 अक्तूबर और एक नवंबर को बिहार से आने वाली ट्रेनों में भीड़ रही, लेकिन अब ट्रेनों में भीड़ काफी कम हो गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 14609 ऋषिकेश-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस, 14645 जैसलमेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस, 12232 चंडीगढ़-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 15012 चंडीगढ़-लखनऊ सद्भावना एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट 50 रह गई है। जिससे अनुमान है कि अगले सप्ताह तक ट्रेनों में आसानी से सीट मिल जाएगी और यात्रियों को सफर में कोई दिक्कत भी नहीं होगी।
---------
--वर्जन
-छठ पर्व के बाद शालीमार, हेमकुंड सहित अनेक ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट कम हुई है। अभी कुछ ही ट्रेन रह गई, जिनमें भीड़ चल रही। उम्मीद है कि आगे वेटिंग लिस्ट और कम होगी और यात्रियों को आसानी से सीट मिल जाएगी।
- प्रदीप गिल्होत्रा, सीएमआई, रेलवे