सहारनपुर। सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन अब तक नहीं शुरू हो सका है, जबकि आठ नवंबर को इसका विधिवत उद्घाटन किया जा चुका है। इसके बाद से ही इस ट्रेन में यात्रा करने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता है। अब तक इसकी बुकिंग भी शुरू नहीं हुई है।
अभी सहारनपुर से एक ही वंदे भारत एक्सप्रेस चलती है, जो देहरादून से आनंद विहार के बीच संचालित होती है। अब दूसरी ट्रेन सहारनपुर से लखनऊ के बीच चलनी है, जो सहारनपुर से रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और सीतापुर होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। आठ नवंबर को लखनऊ से सहारनपुर के बीच चलाकर उद्घाटन किया था। टिकट बुकिंग नहीं होने से यात्रियों का इंतजार बढ़ रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि रेलवे बोर्ड की ओर से इस ट्रेन के नियमित संचालन को भी हरी झंडी दे दी जाएगी। सहारनपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर यह ट्रेन कितने बजे किस स्टेशन पर ठहरेगी। यह भी तय हो चुका है। समय सारिणी में बदलाव को लेकर उच्च स्तरीय विचार चल रहा है।
शालीमार रही निरस्त, छपरा एक्सप्रेस छह लेट आई
रविवार को बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस निरस्त रही है, जबकि अमृतसर-छपरा विशेष ट्रेन छह घंटे, अमृतसर-गोरखपुर जनसाधारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से सहारनपुर में आई। इन ट्रेनों का यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।