शहर के मंडी समिति रोड पर मंगलवार रात वुडकार्विंग हैंडीक्राफ्ट के कारखाने में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम को तीन घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी। आग से कारखाने में तैयार उत्पादों के साथ ही कच्चा माल खाक होने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
थाना मंडी क्षेत्र में मंडी समिति रोड पर रईस वुड हैंडीक्राफ्ट के नाम से कारखाना है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात दो से चार बजे के बीच इस कारखाने में अचानक आग लग गई। आसपास के कुछ लोगों ने जब आग की लपटें और धुआं उठता देखा तो कारखाना स्वामी रईस को सूचित किया गया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ दमकल विभाग की टीमों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मचारियों को तीन घंटे से भी अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी। तब जाकर आग बुझ पाई।
कारखाना स्वामी का कहना है कि इस हादसे में पांच लाख रुपये से अधिक के नुकसान की संभावना है। कारखाने में लकड़ी के कच्चे माल के साथ ही काफी हद तक तैयार हो चुके उत्पाद भी शामिल रहे।
थाना प्रभारी एसके दुबे ने बताया कि कारखाने में लगी आग से आसपास के इलाके में नुकसान होने से बच गया है। अभी आग के कारणों का पता नहीं चला है।