सहारनपुर। एसआईआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हो चुकी है। नोटिस पर सुनवाई जारी है। सुनवाई के दौरान दस्तावेज जमा कराने को लेकर मतदाताओं में ऊहापोह की स्थिति है। अधूरे दस्तावेज लाने वाले मतदाताओं को अगली तिथि दी जा रही है।
सदर तहसील में मतदाता सुनवाई के लिए पहुंच रहे हैं। सभागार कक्ष में एक साथ कई बूथों की सुनवाई चल रही है। ऐसे में मतदाताओं की भारी भीड़ मौजूद है। इसके चलते अव्यवस्था का आलम है। हर कोई अपनी सुनवाई जल्द से जल्द पूरा कराना चाहता है। कई मतदाता ऐसे हैं, जो सही दस्तावेज नहीं लाए हैं। उन्हें फिर से नई तिथि दी जा रही है। सुनवाई के लिए पहुंचीं परवीन ने बताया कि उनका मतदाता सूची में नाम प्रवीण लिखा है। नाम गलत होने से उन्हें नोटिस आ गया। वह दो बार अपने दस्तावेज लेकर पहुंच चुकी है, लेकिन वह जमा नहीं हो रहे।
ब्रजनंदन ने बताया कि उनका नाम तो ड्राफ्ट सूची में शामिल है, लेकिन उनके बच्चों का नहीं है। फॉर्म में सही जानकारी दी थी। बच्चे बाहर नौकरी करते हैं। उनके प्रतिनिधि के रूप में सुनवाई के लिए आए हैं। मनीष कुमार सैनी ने बताया कि वह आधे घंटे से इधर-उधर घूम रहे हैं। हेल्प डेस्क ने उन्हें सभागार में भेजा है। वहां पर कोई जानकारी नहीं मिल पा रही।
- सामान्य निवास प्रमाण पत्र लेकर पहुंच रहे मतदाता
सबसे अधिक परेशानी सामान्य निवास प्रमाण पत्र लाने वाले मतदाताओं को उठानी पड़ रही है। आयोग की ओर से दस्तावेजों की जो सूची जारी की गई है, उसमें स्थाई निवास प्रमाण भी शामिल है। अब परेशानी यह है कि स्थाई प्रमाण पत्र जारी नहीं होता। इसकी जगह तहसीलों की ओर से सामान्य निवास प्रवास प्रमाण पत्र जारी किया जाता है।
- हर दिन करनी होगी पांच हजार मतदाताओं की सुनवाई
जिले की सातों विधानसभाओं में कुल 1.61 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन सभी मतदाताओं को सुनवाई के लिए आना होगा। सुनवाई की अंतिम तिथि 27 फरवरी निर्धारित है। ऐसे में सुनवाई के लिए निर्वाचक और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को औसतन हर दिन करीब पांच हजार मतदाताओं की सुनवाई करनी होगी। अभी तक 1.57 लाख नोटिस डाउनलोड हो चुके हैं। 1.03 लाख नोटिस दिए जा चुके हैं।
- बोले मतदाता
- बूथ नंबर 357 के मतदाता राम मेहर दास ने बताया कि उनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं हो सका। वह उस समय रामपुर जिले में तैनात थे। सुनवाई के लिए नोटिस मिला। पहले आए तो सुनवाई नहीं हो सकी। अब पेंशन सर्टिफिकेट लगाया है।
- हसनपुर निवासी मोहम्मद जाहिद ने बताया कि उनका वोट बूथ नंबर आठ पर है। सभी जानकारी फॉर्म में भरी थी, लेकिन फिर भी नोटिस मिला है। एक घंटे से परेशान हो रहे हैं। सुनवाई में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- दानिश कॉलोनी निवासी रूमा ने बताया कि फार्म में सभी जानकारियां दी थी। उनका नाम तो ड्राफ्ट मतदाता सूची में आ गया है, लेकिन पति का नहीं। बीएलओ ने नोटिस दिया है। पति बाहर काम करते हैं, तो पति के प्रतिनिधि के रूप में सुनवाई के लिए आई हूं।
- चकहरेटी निवासी कुलबीर सिंह ने बताया कि नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं है। नोटिस मिलने पर सुनवाई के लिए आए हैं। उचित व्यवस्था न होने के चलते काफी परेशानी हो रही है।