सहारनपुर में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने सभी रिटर्निंग आफिसरों को निर्देश दिए कि राज्य चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त 18 राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को उनके आरक्षित प्रतीक चिह्न वर्णानुक्रम के अनुसार आवंटित किये जाएं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी स्थान पर मान्यता प्राप्त 18 राजनीतिक दलों के उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ रहे है तो उनके प्रतीक चिह्न किसी अन्य को आवंटित नहीं किए जायेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 42 मुक्त प्रतीक चिन्हों को निर्दलीय उम्मीदवारों में वर्णानुक्रम के अनुसार ही आवंटित किया जाएगा।
रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी रिटर्निंग आफिसर राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग में 92 राजनीतिक दल पंजीकृत है।
18 राजनीतिक दल मान्यता प्राप्त है तथा 74 अमान्यता प्राप्त/अनन्तिम रूप से पंजीकृत राजनीतिक दल है। उन्होंने बताया कि अमान्यता प्राप्त/अनन्तिम रूप से पंजीकृत 19 राजनीतिक दलों को प्रतीक चिन्ह आवंटित कर दिए गए है।
ऐसे 19 राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को उनकी मांग के अनुसार पंजीकृत प्रतीक चिन्ह ही आवंटित किए जाये। शेष 55 अमान्यता प्राप्त/पंजीकृत राजनीतिक दलों को आयोग द्वारा निर्धारित 146 प्रतीक चिन्हों का आवंटन प्रक्रिया अपनाते हुए किया जायें। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में उम्मीदवारों के नाम वर्णानुक्रम में ही लिखे जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग आफिसरों को निर्देश दिये कि वे आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई निर्देश पुस्तिका का अध्ययन अवश्य कर लें तथा उसमें दिये गये नियमों का सख्ती से पालन किया जाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतपत्रों के मुद्रण से पूर्व यह सुनिश्चित कर लें कि उसमें नोटा (उपर्युक्त में से कोई नही) विकल्प को आवश्यक रूप से अंकित किया जाये। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की सूची बनाते समय तथा प्रतीक चिन्ह आवंटित करते समय भली प्रकार जांचने के बाद ही कंप्यूटर में फीड कराया जाए।
इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, रिटर्निंग आफिसर व सहायक रिटर्निंग आफिसरों सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।