सरसावा (सहारनपुर)। कोरोना के चलते हवाई सेवा बंद होने के कारण यूरोपियन देश लातविया में विनीत का का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। परिजन अंतिम में नहीं जा पाएंगे। संस्कार के बाद युवक का अस्थि कलश परिजनों को कोरियर के माध्यम से भेजा जाएगा।
सरसावा की शास्त्री विहार कॉलोनी के निवासी सेवानिवृत्त बीएसएफ कर्मी अरविंद रोहिला का पुत्र विनीत रोहिला यूरोपीय देश लातविया की राजधानी रीगा में स्थित यूनिवर्सिटी से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था। उसकी 21 जून को झील में तैराकी करने के दौरान डूबने से संदिग्ध रूप से मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए उसकी महिला मित्र लातविया की ही निवासी एक युवती पर शक जाहिर किया था। बीते 10 दिन से युवक के परिजन भारतीय एंबेसी तथा लातविया के निकटवर्ती एंबेसी स्वीडन के संपर्क में रहकर शव को भारत लाने को प्रयासरत थे, लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के चलते अधिकतर हवाई मार्ग बंद होने के कारण शव को भारत लाना संभव नहीं हो सका। मृतक के भाई विपिन ने बताया कि बुधवार देर शाम को भारतीय एंबेसी ने सूचित किया कि मृतक का अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाज से शुक्रवार को भारतीय समय अनुसार दोपहर ढाई बजे लातविया की राजधानी रीगा के वरोनू ईला क्षेत्र में किया जाएगा। एंबेसी ने परिजनों को सूचित किया कि नियमानुसार अंतिम संस्कार का लाइव प्रसारण भी परिजनों को दिखाया जाएगा। इसके पश्चात मृतक का अस्थि कलश परिजनों को कोरियर के माध्यम से भेजा जाएगा।
इस सारे घटनाक्रम का सबसे दुखद पहलू यह है कि परिजन अपने जिगर के टुकड़े का चेहरा भी अंतिम समय में नहीं देख पाएंगे। उसके साथ लातविया में क्या हुआ यह भी शायद ही परिजनों को पता चल पाए। हालांकि मृतक के भाई विपिन ने बताया कि उनकी शिकायत के बाद लातविया की पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसके भाई के शव का पोस्टमार्टम भी किया। इससे शायद सच्चाई निकल कर बाहर आ जाए।