सहारनपुर के बेहट में इस बार भी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर चुके हुसैन मलकपुर, शाहपुर के ग्रामीणों को समझाने के लिए रविवार को एसडीएम और सीओ शाहपुर गांव पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को उनकी समस्या के समाधान के लिए हर स्तर से प्रयास किए जाने का आश्वासन देकर मतदान करने के लिए समझाया। ग्रामीणों ने एसडीएम से इसके लिए सोमवार तक का वक्त मांगा। कहा कि वे सोमवार को अपनी सामूहिक पंचायत बुलाकर इस संबंध में निर्णय लेंगे।
यहां बता दें कि बेहट विधानसभा क्षेत्र के हुसैन मलकपुर एवं शाहपुर गांव तीन तरफ से नदियों से घिरे हैं। बरसात के मौसम में नदियों में बाढ़ आने से इन दोनों गांवों का बाहरी दुनिया से संपर्क कट जाता है। इसके अलावा भी इन गांवों के लिए संपर्क मार्ग की हालत भी खस्ता है।
ग्रामीण नदी पर पुल निर्माण न होने के विरोध में वर्ष 2012 में हुए विस चुनाव का बहिष्कार कर चुके हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव 2014 का भी पूर्ण बहिष्कार करते हुए मतदान नहीं किया था। इस बार भी ग्रामीणों ने पंचायत कर विस चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है।
रविवार को एसडीएम बेहट डॉ. सुरेश कुमार एवं सीओ बीपी जाखड़ ग्रामीणों को समझाने के लिए शाहपुर गांव पहुंचे और प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीणों की बैठक बुलाकर उन्हेें मतदान के लिए समझाया।
एसडीएम ने कहा कि पुल के अलावा उनकी और भी समस्याएं है। सभी समस्याओं के संबंध में उनकी शिकायत शासन स्तर दर्ज कराई जाएगी। इस पर ग्रामीणों ने एसडीएम से सोमवार तक वक्त मांगा।
उन्होंने कहा कि उनकी संघर्ष समिति के कुछ पदाधिकारी फिलहाल मौजूद नहीं है। सोमवार को वे सामूहिक पंचायत बुलाकर मतदान करने संबंधी निर्णय लेंगे, जो भी निर्णय लिया जाएगा, उन्हें अवगत करा दिया जाएगा।
इस मौके पर रोहताश, राजेश शर्मा, मो. रिहान, कामिल, मुकर्रम, गुलशादाब, शहजाद, मो. जावेद, मो. इस्लाम, जुल्फान, शराफत, हेमंत राणा, नरेश कुमार, नवाब अली, महेश राणा आदि ग्रामीणों की मौजूदगी रही।