फतेहचंदपुर में प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
गंगोह। मानकों के अनुरूप विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बीडीओ का घेराव करेंगे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गंगोह ब्लॉक क्षेत्र के फतेहचंदपुर गांव में प्रधान ने मानकों के अनुरूप विकास कार्य नहीं कराया है। यही कारण है कि करीब एक साल पूर्व बनाया गया सीसी रोड जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि नालियों का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी मकानों की नींव में घुस रहा है, जिससे दीवारों में दरारें आ गई हैं। इस बारे में कई बार प्रधान को अवगत कराया जा चुका है लेकिन नालियों का निर्माण कराने को लेकर गंभीर नहीं हैं। इसके अलावा गांव में सफाई व्यवस्था का हाल बुरा है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए है। गांव में महामारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है। प्रदर्शन करने वालों में अशोक, विश्वास, मांगेराम, अरूण, पप्पू, जसवीर, विक्रम सिंह, संजय आदि शामिल रहे।
उधर, ग्राम प्रधान का कहना है कि आरोप निराधार है। कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा गया है। अभी नए कार्यों के लिए बजट नहीं आया है। बजट मिलते ही कार्य करा दिया जाएगा।