गंगोह (सहारनपुर)। दूधला फीडर के किसानों ने रविवार की रात बिजली आपूर्ति न मिलने से परेशान होकर बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। किसानों की मांग है कि उन्हें शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति दी जाए। उमस भरी भीषण गर्मी से आम आदमी परेशान है। इस समय किसान अपने खेतों में धान की रोपाई कर रहा है। बारिश न होने से वह बिजली आपूर्ति पर ही आश्रित रह गया है, लेकिन उन्हें वह भी ठीक प्रकार से नहीं मिल रही है।
दूधला फीडर से संबंधित कई किसान रविवार की रात इकट्ठा हो गए और उन्होंने बिजलीघर पहुंच यहां अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। किसान नेताओं का कहना है कि बिजलीघर के रोस्टर के अनुसार उन्हें 10 घंटे आपूर्ति दी जा रही है, लेकिन उन्हें मुश्किल से दो घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। यहीं नहीं मिल रही आपूर्ति में भी लगातार कट लग रहे हैं। आपूर्ति की यह स्थिति पिछले 15 दिन से बनी हुई है। प्रदर्शन करने वालों में किसान अवतार सिंह, संतोख सिंह, कुलदीप सिंह, फुफड़, बग्गा सिंह, हरविंदर सिंह, नवजोत सिंह, गुरजोत सिंह, रणदीप सिंह, सोनू सिंह, राजा सिंह, पवितर सिंह आदि शामिल रहे। किसानों की मांग है कि उन्हें आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस बारे में जब एसडीओ सतीश रावत का कहना है कि बिजलीघर पर रखा 8 एमवीए का ट्रांसफार्मर बदला गया था। इस कारण कुछ परेशानी आई थी, लेकिन अब उसे चालू कर दिया गया है। उन्होंने क्षेत्रीय गांवों को निर्धारित बिजली आपूर्ति निर्बाध रुप से देने का आश्वासन दिया।