गागलहेड़ी। गांव सैदपुरा निवासी एक युवक लापता हो गया है। उसकी बाइक नन्हेड़ा गाजी गांव के जंगल से लावारिस हालत में खड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। इसके बाद युवक की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा गाजी के जंगल में एक बाइक लावारिस हालत में पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की शिनाख्त आशीष पुत्र बिजेंद्र निवासी गांव सैदपुरा थाना नागल के रूप में हुई। थाना प्रभारी सुनील नेगी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि आशीष भगवानपुर में नौकरी करता है। शुक्रवार को वह ड्यूटी के बीच से ही आ गया था। उसने फोन पर अपने दोस्त उमाही गांव निवासी आरिफ को बताया कि वो उसके पास गांव में दो मुर्गे लेकर आ रहा है, लेकिन आशीष देर रात तक नहीं पहुंचा। उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन भी उमाही गांव की आ रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आशीष के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने थाना नागल में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी है। मामले की जांच की जा रही है।