जोगेंद्र हत्याकांड का मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान गिरफ्तार
गंगोह (सहारनपुर)।
गांव सनौली में जमीन विवाद में गोली लगने से हुई हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा दो कारतूस बरामद करने का भी दावा किया। पुलिस ने ग्राम प्रधान को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा। इस मामले में अभी तक तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
बुधवार को शाम के समय गांव सनौली के दो पक्षों जगविंद्र और ओम प्रकाश पक्ष में खेत की डोल को लेकर विवाद हुआ। इसके चलते दोनों पक्षों में मारपीट होने के साथ ही फायरिंग हो गई। मौके पर मौजूद गांव के ही जोगेंद्र पुत्र प्रीतम के सिर में गोली लग गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। जोगेंद्र ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बृहस्पतिवार को शाम के समय परिजनों ने जोगेंद्र से शव का अंतिम संस्कार किया। इस मामले में जोगेंद्र पुत्र जनेश्वर ने आठ लोगों को नामजद कर रिपोर्ट कराई।
शनिवार को चौथे दिन भी गांव में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने शनिवार को उस समय मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, जब वह मुख्य चौराहे पर कहीं जाने के लिए फरार होने की फिराक में थे। ग्राम प्रधान कुलविंदर को पुलिस ने दबोच लिया। ग्राम प्रधान के कब्जे से 315 का तमंचा और दो कारतूस बरामद करने का भी दावा किया है। पुलिस ने चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा। अभी तक पुलिस दो और आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया शेष पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शीघ्र उन्हें पकड़कर जेल भेजा जाएगा।