सहारनपुर। इतिहास में पहली बार ग्राम प्रधानों और पंचायत सदस्यों को वर्चुअल शपथ ग्रहण कराई गई। जिले की कुल 884 ग्राम पंचायतों में से 618 में शपथ ग्रहण समारोह होना है, क्योंकि बाकी 266 ग्राम पंचायतों में पूरे सदस्य निर्वाचित नहीं होने से कोरम पूरा नहीं हुआ है। मंगलवार को पहले दिन 452 ग्राम प्रधानों को वर्चुअल शपथ दिलाई गई, जबकि 166 ग्राम पंचायतों का शपथ ग्रहण बुधवार को होगा।
रामपुर मनिहारान में 36 प्रधानों ने ली शपथ
रामपुर मनिहारान ब्लाक के 54 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों में से 36 ग्राम प्रधानों को पहले दिन चार राउंड में क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के आचार्य अरुण कुमार ने शपथ दिलाई। 18 ग्राम सभाओं में दो तिहाई बहुमत न होने पर शपथ नहीं हो पाई। इनमें उमरी कलां, दुहारकी, चररोह, भांकला, घसोती, सकतपुर, बुड्ढाखेड़ा गुर्जर, सढौली हरिया, ढाकादेवी, सांचलु, उमाही कलां, कुराली, हुसैनपुर, गुडम्ब, सिरसली खुर्द, हरडेकी, कल्लरपुर गुर्जर व मियानगी शामिल हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान बीडीओ श्रुति शर्मा, एडीओ पंचायत शिव नंदन कटारिया रहे।
नागल ब्लाक के 41 प्रधानों को शपथ दिलाई
नागल विकासखंड क्षेत्र के 41 ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सदस्यों को गांव के पंचायत घर एवं प्राथमिक विद्यालय में संबंधित ग्राम सचिवों की मौजूदगी में जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार ने वर्चुअल शपथ दिलाई। चार ग्राम पंचायतों में शपथ बुधवार को होगी। कुल 74 ग्राम पंचायतों से 45 में ही कोरम पूरा है। ऐसे में 29 ग्राम पंचायतों में प्रधानों को शपथ नहीं हो सकी है।
साढ़ौली कदीम में 45 ग्राम प्रधानों ने शपथ ली
साढ़ौली कदीम की 84 ग्राम पंचायतों में से 45 ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को बीडीओ रविप्रकाश सिंह ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम का एसडीएम दीप्ति देव ने विकास खंड कार्यालय पर जायजा लिया। बीडीओ ने बताया कि 24 ग्राम पंचायतों में बुधवार को शपथ ग्रहण होगी, जबकि 15 ग्राम पंचायतों में बहुमत न होने के चलते शपथ ग्रहण नहीं होगा। एडीओ मोहकम सिंह के साथ ही पंचायत स्तर पर राजीव सैनी, नरेन्द्र राणा, अमित राठी, विजय कुमार, शुभम सैनी, प्रदीप कांबोज, कमल राणा, आलोक कश्यप, धर्मेन्द्र कुमार, सुमित कुमार आदि का सहयोग रहा।
गंगोह में 78 प्रधानों को शपथ दिलाई गई
गंगोह में बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने कुल 98 ग्राम पंचायतों में से पहले दिन 78 प्रधानों को शपथ दिलाई। बाकि 20 में कोरम पूरा न होने के कारण शपथ ग्रहण नहीं हो सका। बीडीओ छतरपाल सिंह, एडीओ प्रमोद कुमार, कोतवाली प्रभारी भानू प्रताप सिंह आदि का सहयोग रहा।
मुजफ्फराबाद में 38 प्रधानों को दिलाई शपथ
मुजफ्फराबाद में 98 ग्राम पंचायतों में से पहले दिन 38 ग्राम प्रधानों को जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार ने शपथ दिलाई। खुजनावर की ग्राम प्रधान नफीस की सास के इंतकाल के चलते वे शपथ ग्रहण नहीं कर सकी। दूसरे दिन 37 प्रधानों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। बीडीओ रवि प्रकाश, एडीओ पंचायत जय सिंह, जेई अर्जुन सिंह राणा आदि रहे।
सरसावा में खराब नेटवर्क के बीच 60 ग्रामप्रधानों ने ली शपथ
सरसावा खंड विकास क्षेत्र के 103 में से 60 गांवों में ग्राम प्रधानों तथा ग्राम पंचायत सदस्यों का ऑनलाइन शपथ ग्रहण समारोह हुआ। समारोह के नोडल तथा जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी अमित कुमार ने ऑनलाइन मॉनिटरिंग की। एडीओ राजवीर सिंह सैनी ने बताया कि 103 में से 60 ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा सदस्यों को शपथ ग्रहण करा दी गई है। जिन स्थानों पर इंटरनेट नेटवर्क की दिक्कत थी वहां मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए शपथ दिलाई गई। बीडीओ ज्योति बाला, सलीम अहमद, संसार चंद रहे।
नकुड़ में 40 प्रधानों ने ली शपथ
नकुड़ ब्लाक की 40 ग्राम पंचायतों में नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जबकि 20 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों व सदस्यों को बुधवार 26 मई को शपथ दिलाई जाएगी। 23 पंचायतों के असंगठित होने के चलते उनमें अभी शपथ ग्रहण नहीं होगा।
नानौता में डीडीओ ने दिलाई शपथ
नानौता विकास खंड की 56 ग्राम पंचायतों में से मंगलवार को 29 ग्राम प्रधानों को नोडल अधिकारी डीडीओ मंशाराम यादव ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। बुधवार को दो ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। बाकी 25 ग्राम पंचायतों में अभी शपथ नहीं हो सकेगी।
सेल्फी विद ट्री का किया शुभारंभ
रामपुर मनिहारान ब्लाक के चकवाली गांव में नवनिर्वाचित प्रधान सविता देवी ने शपथ लेने के बाद ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए सेल्फी विद ट्री कार्यक्रम का पेड़ लगाकर शुभारंभ किया। उन्होंने ग्राम पंचायत सदस्यों को जागरूक करते हुए कहा कि कहा कि वह कम से कम पांच-पांच पेड़ अवश्य लगाए। इसके बाद उनका संरक्षण भी अपने परिवारिक सदस्य की तरह करें। ग्राम प्रधान की इस पहल की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। प्रधान का कहना है कि उन्होंने हरियाणा के बीबीपुर में पूर्व सरपंच सुनील जागलान का सेल्फी विद डाटर अभियान से प्रेरित होकर सेल्फी विद ट्री की पहल की है।