देवबंद। लखनौती में हुई घटना के छह दिन बाद आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। घटना में मुख्य आरोपी समेत उसके साथी फरार हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने धर पकड़ की कार्रवाई को तेज कर दिया है।
31 मई को लखनौती गांव में संजय त्यागी के घर पर उसी के साले के बेटे अचिन ने फायरिंग कर दी थी। इसमें एक गोली संजय के पैर में लगी थी। जबकि उसकी पत्नी संगीता मारपीट में घायल हो गई थी। फायरिंग होने से पूरे गांव में दहशत फैल गई थी।
मामले में संजय के भाई सत्यवान ने खेड़ी आसा निवासी हिस्ट्रीशीटर अचिन समेत उसके साथी आर्यन उर्फ गोलू, मोनू उर्फ वितुल, साखन कलां निवासी रोहन उर्फ कल्लू, जनपद मुजफ्फरनगर के मेघा शकरपुर गांव निवासी अंकुल गुर्जर समेत कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
2 जून को पुलिस ने मोनू को गिरफ्तार किया था। उसके बाद किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। घटना के छह दिन बाद सोशल मीडिया पर एक मिनट दो सेकेंड की फायरिंग की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
इसमें आरोपी हाथ में तमंचा लेकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।