बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर शिवालिक पहाड़ियों के स्थिरीकरण कार्य के चलते डेढ़ किमी हिस्से में रूट डायवर्ट किया हुआ है। शनिवार को वाहनों की भीड़ के कारण इस हिस्से पर करीब सात किमी तक जाम लग गया। तीन घंटे से ज्यादा समय तक जाम लगा रहा। इस दौरान बीस मिनट में तय होने वाला सफर डेढ़ से दो घंटे में पूरा हुआ।
बता दें, कि डाट मंदिर के पास डेढ़ किमी के हिस्से में पहाड़ियों से कमजोर चट्टान हटाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए इस हिस्से पर एलिवेटेड रोड की एक साइड से ही आने और जाने वाले वाहन चल रहे हैं। शनिवार को वीकेंड के चलते देहरादून और मसूरी जाने वाले वाहनों की भारी भीड़ रही। ऐसे में सुबह नौ बजे ही एलिवेटेड रोड पर जाम लग गया। कुछ ही देर में जाम का दायरा बढ़ कर सात किमी तक बढ़ गया। गर्मी में जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। एलिवेटेड के 12 किमी के सफर को पूरा करने में सामान्य दिनों में अधिकतम 20 मिनट का वक्त लगता है, लेकिन जाम के चलते शनिवार को इस दूरी को पूरा करने में डेढ़ से दो घंटे का वक्त लगा।
एलिवेटेड रोड से सटी पहाड़ियों की मरम्मत का काम 23 मई से चल रहा है। इसे आठ जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन तय समय पर पूरा नहीं हो सका। इसके बाद एक सप्ताह में काम पूरा करने का भरोसा एनएचएआई द्वारा दिया गया है। दैनिक यात्री कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा मलिक, संदीप बंसल, अवि कांबोज, मनोज चौधरी आदि का कहना है कि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर रूट डायवर्जन समाप्त किया जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।